बेटा हिमालय का गीत, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तराखंड विकास गीत, टीम उत्तराधुन, उत्तराखंड पर्यटन और विकास
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के विकास और राज्य की बदलती तस्वीर को समर्पित गीत ‘बेटा हिमालय का’ का विमोचन किया। टीम उत्तराधुन की ओर से तैयार इस गीत में प्रदेश की विकास यात्रा, सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं को गीत-संगीत और आकर्षक दृश्यात्मक प्रस्तुति के माध्यम से दर्शाया गया है।
गीत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों के साथ पर्यटन के विस्तार, महिला सशक्तीकरण और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के बढ़ते अवसरों को प्रमुखता से शामिल किया गया है। इसके अलावा स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में उत्तराखंड की ओर से किए जा रहे प्रयासों को भी रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गीत के निर्माण से जुड़े कलाकारों और पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि गीत-संगीत जनभावनाओं को अभिव्यक्त करने का प्रभावशाली माध्यम है। रचनात्मक प्रस्तुतियों के जरिए किसी प्रदेश की संस्कृति, उपलब्धियों और विकास की कहानी को आम लोगों तक आसानी से पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास उत्तराखंड की सकारात्मक पहचान को मजबूत करने के साथ राज्य की विकास यात्रा से लोगों को जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रदेश सरकार उत्तराखंड के समग्र विकास को केंद्र में रखकर विभिन्न क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकताओं में मातृशक्ति का सशक्तीकरण, युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा पर्यटन की अपार संभावनाओं का विकास करना शामिल है। इसके साथ ही प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा को मंच और प्रोत्साहन देना भी सरकार की प्रतिबद्धता है। ऐसे रचनात्मक प्रयास उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होंगे।

