After Header-1

‘वॉइस ऑफ पीस’ में गूंजा वीर जवानों का शौर्य, शहीद के परिजनों को मिला सम्मान

देहरादून। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि देश के वीर सैनिकों का त्याग, समर्पण और बलिदान हमेशा राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। सीमाओं पर कठिन परिस्थितियों में रहकर सैनिक जिस साहस और समर्पण के साथ देश की रक्षा करते हैं, उसी के कारण देशवासी सुरक्षित वातावरण में जीवन व्यतीत कर रहे हैं। हमें उनके बलिदान और उनके परिवारों के योगदान को हमेशा याद रखना चाहिए।

मंत्री गणेश जोशी बुधवार को ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी में आयोजित ‘वॉइस ऑफ पीस’ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शहीद के परिजनों को चेक प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कलाकारों ने देश के वीर जवानों के शौर्य, अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान पर आधारित भावपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया और पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया।

इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री ने कार्यक्रम के आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि ‘वॉइस ऑफ पीस’ जैसे आयोजन समाज में राष्ट्रभक्ति, शौर्य और बलिदान की भावना को मजबूत करते हैं। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को सेना के जवानों के संघर्ष, त्याग और देश के प्रति उनके समर्पण को समझने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात जवान अपने परिवारों से दूर रहकर दिन-रात राष्ट्र की सेवा करते हैं। उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा के कारण ही देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा कायम है। शहीदों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके परिवारों का सम्मान करना पूरे समाज की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में पद्मश्री डॉ. बीकेएस संजय, मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) सम्मी सबरवाल, निदेशक रिंकी सिंह, करन सिंह, अभिषेक पाण्डेय और अंकुर खत्री सहित शहीद के परिजन एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.