After Header-1

पॉलीहाउस खेती को मिलेगा बढ़ावा, 28 किसान आधुनिक तकनीक सीखने पंतनगर रवाना

देहरादून। उत्तराखंड में संरक्षित खेती को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से सरकार ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण दिलाने की पहल की है। इसी क्रम में बुधवार को कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अपने कैंप कार्यालय से देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों के 28 किसानों के दल को गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

नाबार्ड योजना के तहत स्थापित पॉलीहाउस में खेती कर रहे ये किसान विश्वविद्यालय में पांच दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें संरक्षित खेती की आधुनिक तकनीकों, पॉलीहाउस प्रबंधन, उन्नत कृषि पद्धतियों और फसल उत्पादन की वैज्ञानिक विधियों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही कीट एवं रोग प्रबंधन तथा बेहतर उत्पादन हासिल करने के व्यावहारिक तरीके भी सिखाए जाएंगे।

इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में खेती में आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल को प्रोत्साहित किया जा रहा है। किसानों को प्रशिक्षण और तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में संरक्षित खेती किसानों के लिए स्वरोजगार और अतिरिक्त आय का बेहतर माध्यम बन सकती है। पॉलीहाउस तकनीक के जरिए किसान सीमित भूमि में भी बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों का फसलों पर पड़ने वाला असर भी कम किया जा सकता है।

जोशी ने उम्मीद जताई कि पंतनगर में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद किसान अपने क्षेत्रों में आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाएंगे। इसके साथ ही वे अपने अनुभव दूसरे किसानों के साथ साझा कर उन्हें भी वैज्ञानिक तरीके से खेती करने के लिए प्रेरित करेंगे।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.