देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर मुख्यमंत्री ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि बेटियों की यह सफलता सरकारी सेवाओं की तैयारी कर रही प्रदेश की अन्य युवतियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी नियुक्ति के साथ उन्हें जनसेवा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी मिली है। अधिकारियों को ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्व निभाने चाहिए। उनके कार्यों से आमजन को समय पर राहत मिलना ही सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।
धामी ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनका सीधा संबंध लोगों की भूमि, आजीविका और अधिकारों से होता है। इसलिए नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का समयबद्ध एवं सावधानीपूर्वक निस्तारण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए जमीन परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है। ऐसे में अधिकारियों को प्रत्येक मामले में संवेदनशीलता बरतनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि तहसीलों में आने वाले लोगों की समस्याएं धैर्यपूर्वक सुनी जाएं और उन्हें आवश्यक दस्तावेजों तथा प्रक्रियाओं की स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि आपदा के समय राजस्व अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत दिलाने के लिए नुकसान का सही और समयबद्ध आकलन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि अधिकारी किसी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन में आए बिना नियमों के आधार पर निर्णय लें। उन्होंने सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को कार्यशैली में अपनाने का आह्वान किया।
धामी ने कहा कि राज्य में भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
इस अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने भी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है। अधिकारियों को विशेष रूप से उन लोगों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक होती है।

