नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच चल रही गठबंधन की बातचीत में तनाव के संकेत मिलने लगे हैं। सपा की ओर से पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने पर कांग्रेस ने कड़ी नाराजगी जताई है। कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद इमरान मसूद ने कहा कि उनकी पार्टी ने सपा से 26 सीटें मांगी ही नहीं थीं। कांग्रेस भिखारी नहीं है, जो किसी के सामने सीटों की गुहार लगाए।
बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में मसूद ने कहा कि दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही थी। दिल्ली में बैठकें हो रही थीं और सीटों पर चर्चा की जा रही थी। इसके बावजूद सपा ने लखनऊ से उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। उन्होंने इसे गठबंधन की भावना और आपसी भरोसे के खिलाफ बताया। मसूद ने कहा कि इस घटनाक्रम से उन्हें ठेस पहुंची है। अब कांग्रेस के भीतर चर्चा होगी कि सपा के साथ बातचीत आगे जारी रखी जाए या नहीं। अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा।
मसूद ने सपा की ओर से 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने न तो 26 सीटों की मांग की थी और न ही किसी विशेष सीट पर दावा पेश किया था। ऐसे में उन सीटों पर उम्मीदवार घोषित करना उचित नहीं है, जिन पर अभी बातचीत होनी थी। उन्होंने कहा कि यदि सपा इसी तरह फैसला करना चाहती है तो सभी 400 से अधिक सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस का मुख्य लक्ष्य भाजपा को हराना है और पार्टी राहुल गांधी के नेतृत्व में इस दिशा में काम कर रही है। सपा को तय करना होगा कि उसका मुकाबला भाजपा से है या कांग्रेस से।
दरअसल, सपा ने अपनी पहली सूची में बेहट से उमर अली खान, सहारनपुर से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी को उम्मीदवार बनाया है। इनमें चार मौजूदा विधायक हैं। खास बात यह है कि बेहट और सहारनपुर सीटें कांग्रेस की संभावित मांग वाली सीटों में शामिल बताई जा रही हैं।
गौरतलब है कि 24 नवंबर को दोनों दलों के बीच दूसरे दौर की बैठक करीब साढ़े तीन घंटे चली थी। इसमें सीट-दर-सीट चर्चा हुई थी। बैठक के बाद सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव देने की बात कही थी। वहीं, कांग्रेस की ओर से 100 से 140 सीटों की मांग किए जाने की चर्चा भी सामने आई थी। हालांकि, दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर अब तक कोई अंतिम सहमति नहीं बनी है।

