After Header-1

‘मुझसे खूबसूरत कई चेहरे CM लायक’, हरदा ने 2027 के लिए चला 45 पार का दांव

हल्द्वानी। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने सोमवार को हल्द्वानी में प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी की चुनावी रणनीति और मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री बनने के लिए उनसे भी खूबसूरत कई चेहरे हैं। मुख्यमंत्री का अंतिम फैसला राहुल गांधी और पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा।

हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस 2027 का विधानसभा चुनाव किसी एक चेहरे के बजाय सामूहिक नेतृत्व और जिम्मेदारी के आधार पर लड़ेगी। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य संगठन को मजबूती देने में जुटे हैं। पार्टी नेतृत्व ने चुनाव की तैयारियों के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन भी किया है।

भाजपा के 65 पार के नारे पर निशाना साधते हुए रावत ने इसे हवा-हवाई दावा बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक और राजनीतिक परिस्थितियों में भाजपा का यह लक्ष्य संभव नहीं है। जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस 45 से अधिक सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।

गांव-गांव चलेगा बैठक अभियान

हरीश रावत ने बताया कि न्याय यात्रा को जनता का अच्छा समर्थन मिला है। अब कांग्रेस पूरे प्रदेश में गांव-गांव बैठक अभियान शुरू करेगी। पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे। उन्होंने संकेत दिया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी जल्द उत्तराखंड का दौरा करेंगे।

जनता के सामने रखना होगा विजन डॉक्यूमेंट

रावत ने कहा कि चुनाव से पहले कांग्रेस को जनता के सामने अपना स्पष्ट विजन डॉक्यूमेंट रखना होगा। इसमें पार्टी को बताना होगा कि सत्ता में आने पर वह क्या काम करेगी। पिछले दस वर्षों की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का रोडमैप भी जनता के सामने प्रस्तुत करना जरूरी है।

पार्टी में गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कोई मतभेद नहीं है और सभी नेता एकजुट हैं। हरीश धामी के गनर विवाद पर उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि निर्वाचित विधायक की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। इस मामले में कांग्रेस विधायक के साथ खड़ी है।

प्रेस वार्ता के अंत में हरीश रावत ने पत्रकारों को सोनिया गांधी की पुस्तक भेंट की।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.