देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी दृढ़ता से काम कर रही है। राज्य में पारदर्शी, ईमानदार और जवाबदेह शासन व्यवस्था स्थापित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विजिलेंस विभाग को भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में स्वतंत्र और निष्पक्ष कार्रवाई की पूरी छूट दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई में पद, प्रतिष्ठा और प्रभाव को आधार नहीं बनाया जाता। सरकार ने छोटे कर्मचारियों के साथ वरिष्ठ अधिकारियों के विरुद्ध भी कार्रवाई कर यह संदेश दिया है कि कानून सभी के लिए समान है। रिश्वतखोरी, आय से अधिक संपत्ति और सरकारी कार्यों में अनियमितताओं के मामलों में सतर्कता विभाग लगातार जांच और कार्रवाई कर रहा है। ट्रैप कार्रवाई के जरिए रिश्वत लेते हुए कई अधिकारियों और कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा विभागीय कार्रवाई और निलंबन जैसे कदम भी उठाए गए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों पर भी कार्रवाई
धामी सरकार ने भ्रष्टाचार के मामलों में बड़े अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई करने से परहेज नहीं किया। हरिद्वार नगर निगम के भूमि घोटाले में आईएएस और पीसीएस अधिकारियों समेत कई अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। आय से अधिक संपत्ति के मामले में आईएएस अधिकारी राम विलास यादव के खिलाफ भी कार्रवाई हुई। वहीं, होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में खरीद संबंधी अनियमितताओं और उत्तराखंड परिवहन निगम में भ्रष्टाचार के आरोपों पर भी कार्रवाई की गई।
1064 ऐप से दर्ज करा सकते हैं शिकायत
भ्रष्टाचार के खिलाफ आम जनता की भागीदारी बढ़ाने के लिए सतर्कता विभाग का 1064 ऐप महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। इसके जरिए नागरिक रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत सीधे दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों की जांच के बाद विजिलेंस आवश्यक कार्रवाई करता है, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को भेजा जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड का लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को लगातार मजबूत किया जा रहा है। भ्रष्टाचार चाहे किसी भी स्तर पर हो, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

