After Header-1

उत्तराखंड के किसानों को बड़ी राहत, खाद की नई ई-टोकन व्यवस्था होगी खत्म

देहरादून। उत्तराखंड में खाद खरीदने के लिए लागू की गई नई ई-टोकन व्यवस्था से परेशान किसानों को बड़ी राहत मिली है। कृषि मंत्री गणेश जोशी की पहल पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में नई ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करने के आग्रह को स्वीकार कर लिया है। अब किसान पहले की तरह पुरानी व्यवस्था के तहत उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे। इस संबंध में केंद्र सरकार की ओर से जल्द ही आधिकारिक पत्र जारी किया जाएगा।

दरअसल, नई ई-टोकन व्यवस्था लागू होने के बाद प्रदेश के किसानों को खाद प्राप्त करने में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को देखते हुए कृषि मंत्री गणेश जोशी ने तत्काल संज्ञान लिया और केंद्रीय कृषि मंत्री से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने पत्र भेजकर उत्तराखंड में नई व्यवस्था में शिथिलता देने तथा किसानों को पूर्व की भांति खाद उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था।

रबी फसलों की बुवाई के महत्वपूर्ण समय को देखते हुए कृषि मंत्री ने किसानों की समस्या को प्राथमिकता से केंद्र के समक्ष उठाया। उनके आग्रह पर केंद्रीय कृषि मंत्री की सहमति मिलने के बाद अब किसानों को खाद के लिए नई ई-टोकन व्यवस्था की परेशानियों से राहत मिलने का रास्ता साफ हो गया है।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार जताते हुए गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। खेती-किसानी के कार्यों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत और पंतनगर में किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने कृषि मंत्री से मुलाकात कर ई-टोकन व्यवस्था से आ रही दिक्कतों की जानकारी दी थी। उन्होंने इस मामले में हस्तक्षेप कर समाधान कराने का आग्रह किया था। कृषि मंत्री ने किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार के सामने मामला उठाया, जिसके बाद यह सकारात्मक निर्णय सामने आया है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.