देहरादून। नगर निगम की भूमि से जुड़े मामलों में लापरवाही और अनावश्यक देरी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महापौर सौरभ थपलियाल ने नगर निगम कार्यालय में भूमि अनुभाग की समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में महापौर ने भूमि अनुभाग में लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी मामले को बिना उचित कारण के लंबित न रखा जाए। आम नागरिकों को अपने काम के लिए नगर निगम कार्यालय के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण किया जाए।
महापौर ने नगर निगम की सरकारी भूमि को अतिक्रमण और अवैध कब्जों से सुरक्षित रखने के लिए पूर्व में दिए गए निर्देशों की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि अब तक नगर निगम की कितनी भूमि पर तारबाड़ (फेंसिंग) का कार्य पूरा किया जा चुका है।
इस पर अधिकारियों ने बताया कि भूमि पर फेंसिंग के कार्यों की प्रगति और संबंधित अभिलेखों के रखरखाव की जिम्मेदारी भूमि अनुभाग एवं निर्माण अनुभाग को सौंपी गई है।
महापौर ने स्पष्ट किया कि नगर निगम की संपत्तियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित अनुभाग आपसी समन्वय से काम करें और भूमि से जुड़े मामलों का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और जिम्मेदारी तय करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जाए। महापौर ने कहा कि नगर निगम की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए, जिससे आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलें और सरकारी संपत्तियों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।

