नई दिल्ली। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की पहली भारत यात्रा के दौरान सोमवार को राष्ट्रपति भवन में उनका भव्य औपचारिक स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन पहुंचने पर उनकी अगवानी की। इस दौरान बालेंद्र शाह ने राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया। स्वागत समारोह में प्रधानमंत्री मोदी भी मौजूद रहे।
औपचारिक स्वागत कार्यक्रम के बाद दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने अपने-अपने प्रतिनिधिमंडलों के सदस्यों से मुलाकात की। इसके बाद नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनकी इस यात्रा को भारत और नेपाल के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
36 वर्षीय बालेंद्र शाह अपनी पहली भारत यात्रा पर रविवार को नई दिल्ली पहुंचे थे। यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा भी है। उनके साथ 35 सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भारत आया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ होने वाली उनकी महत्वपूर्ण बैठक में दोनों देशों के बीच सहयोग के नए क्षेत्रों और भविष्य की साझेदारी पर चर्चा होने की उम्मीद है।
भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा, कनेक्टिविटी, रेलवे, आधारभूत ढांचे, तकनीक, मानव संसाधन विकास और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सहयोग बढ़ाने की तैयारी है। दोनों देश इन क्षेत्रों में नए समझौतों और साझा परियोजनाओं के माध्यम से आपसी संबंधों को और मजबूत करना चाहते हैं।
इस यात्रा के दौरान नेपाल-भारत बिजनेस फोरम का भी आयोजन प्रस्तावित है। इसके जरिए दोनों देशों के कारोबारी प्रतिनिधियों को निवेश, व्यापार और आर्थिक सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श का अवसर मिलेगा।
भारत और नेपाल के संबंध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक जुड़ाव पर आधारित हैं। दोनों देशों के बीच खुली सीमा, साझा परंपराएं और लोगों के बीच मजबूत रिश्ते इस साझेदारी की विशेष पहचान हैं। विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए दोनों देशों के बीच 40 से अधिक द्विपक्षीय संस्थागत तंत्र सक्रिय हैं।
बालेंद्र शाह की इस यात्रा से भारत-नेपाल संबंधों में नई ऊर्जा आने और क्षेत्रीय सहयोग को विस्तार मिलने की उम्मीद है।

