After Header-1

चोट ने विल जैक्स का तोड़ा सपना, टॉम बैंटन को मिली इंग्लैंड की बड़ी जिम्मेदारी

मेलबर्न। इंग्लैंड क्रिकेट टीम को ऑस्ट्रेलिया के सीमित ओवरों के दौरे के बीच बड़ा झटका लगा है। टीम के ऑलराउंडर विल जैक्स हाथ में फ्रैक्चर के कारण पूरे दौरे से बाहर हो गए हैं। चोट की गंभीरता को देखते हुए उन्हें स्वदेश लौटना पड़ रहा है। उनकी अनुपस्थिति में टॉम बैंटन को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। इसके अलावा पांचवें और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के लिए तेज गेंदबाज स्कॉट करी को भी टीम में शामिल किया गया है।

विल जैक्स को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न में खेले गए पहले टी20 मुकाबले के दौरान चोट लगी थी। इंग्लैंड की पारी के 19वें ओवर में बेन ड्वारशुइस की गेंद पर एक मुश्किल कैच पकड़ने के प्रयास में उनके दाएं हाथ में चोट आ गई। चोट लगने के बाद उनके हाथ से खून बहने लगा, जिसके चलते उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। मेडिकल जांच में फ्रैक्चर की पुष्टि होने के बाद उनके दौरे का अंत हो गया।

इस चोट के कारण जैक्स एक बड़ा मौका भी गंवा बैठे हैं। नियमित कप्तान हैरी ब्रूक के पांचवें टी20 मुकाबले में उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें दो दिसंबर को कैनबरा में होने वाले मैच में इंग्लैंड की कप्तानी सौंपने की योजना थी। यह पहली बार होता जब जैक्स अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने देश की कप्तानी करते।

अब उनकी जगह टॉम बैंटन को उपकप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है। इस पद के लिए फिल सॉल्ट और सैम करन भी दावेदार थे, लेकिन टीम प्रबंधन ने बैंटन पर भरोसा जताया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के बाद बैंटन ने अपने प्रदर्शन और शांत स्वभाव से कोचिंग स्टाफ को प्रभावित किया है। चोटिल खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में मिले अवसरों का भी उन्होंने अच्छा फायदा उठाया है।

वहीं, तेज गेंदबाज स्कॉट करी पांचवें टी20 मुकाबले के लिए इंग्लैंड की टीम से जुड़ेंगे। करी अब तक इंग्लैंड के लिए तीन वनडे अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.