कच्छ। गुजरात के कच्छ जिले में भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार रात करीब 9:30 बजे वेकरिया के रण इलाके के पास हुआ। उत्तराखंड नंबर की एक कार सफेद रण घूमने के बाद खावड़ा से भुज लौट रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार मालवाहक ट्रेलर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह दो हिस्सों में बंट गई। दुर्घटना में कार सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे। वे भुज में तैनात भारतीय सेना के एक जवान के परिजन और रिश्तेदार थे तथा कच्छ घूमने आए हुए थे। मृतकों में चार वयस्क और तीन मासूम बच्चियां शामिल हैं।
मृतकों की पहचान सौरवसिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30) और तीन माह की बेटी सिविका, राजेशसिंह रावत (35) और उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता तथा रिंकी नितिन गुंसाई (35) और उनकी चार माह की बेटी वामिका के रूप में हुई है।
हादसे के बाद स्थानीय लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही धोरडो पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम ने राहत कार्य शुरू किया। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भुज के जीके जनरल अस्पताल भेजा गया।
घटना की जानकारी मिलने पर सेना के अधिकारी और जिला पुलिस अधीक्षक विकास सुंडा भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रेलर चालक की लापरवाही सहित दुर्घटना के अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

