नई दिल्ली। देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। पूर्वी हवाओं के प्रभाव से दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने तमिलनाडु और केरल के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने के बावजूद प्रदूषण से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। दिल्ली-NCR की हवा खराब श्रेणी में बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को दिल्ली में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इस दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा से करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। शाम और रात में इनकी गति घटकर 12 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। 23 से 25 नवंबर के बीच सुबह के समय धुंध और हल्का कोहरा छाने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
दूसरी ओर, प्रदूषण ने दिल्ली-NCR के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 265 दर्ज किया गया। वहीं, गुरुग्राम में 255, नोएडा में 239 और गाजियाबाद में 206 एक्यूआई रहा। ये सभी खराब श्रेणी में आते हैं।
आईएमडी के मुताबिक तमिलनाडु में 23 से 27 नवंबर और केरल में 24 से 26 नवंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पुडुचेरी, कराईकल और लक्षद्वीप में भी बारिश की संभावना है। इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, कर्नाटक, तेलंगाना और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तटीय आंध्र प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है।
मौसम में इस बदलाव के पीछे उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर सक्रिय निम्न दबाव का क्षेत्र, पश्चिमी विक्षोभ और ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण को प्रमुख कारण बताया गया है।

