देहरादून। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने रविवार को देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर का अवलोकन कर इसके ऐतिहासिक महत्व, स्थापत्य कला, प्राकृतिक सौंदर्य और यहां संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
राज्यपाल ने संबंधित अधिकारियों से राष्ट्रपति निकेतन के इतिहास, भवनों के संरक्षण और रखरखाव के साथ ही आगंतुकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रपति निकेतन देश की ऐतिहासिक विरासत और स्थापत्य कला का महत्वपूर्ण केंद्र है। इस परिसर की ऐतिहासिक पहचान और प्राकृतिक सौंदर्य को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं का विकास करना सराहनीय पहल है।
उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक स्थलों को आम नागरिकों के लिए सुलभ बनाने से लोग देश की समृद्ध विरासत, इतिहास और संस्कृति को करीब से जान सकेंगे। ऐसे स्थलों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों को अपनी ऐतिहासिक धरोहर से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उल्लेखनीय है कि करीब 21 एकड़ में विस्तृत राष्ट्रपति निकेतन ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध जैव विविधता का अनूठा संगम है। वर्ष 2025 में इसे पहली बार आम नागरिकों के भ्रमण के लिए खोला गया था।
परिसर में ऐतिहासिक भवन, राष्ट्रपति के अंगरक्षक दल के अस्तबल, आकर्षक उद्यान और विभिन्न प्राकृतिक आकर्षण मौजूद हैं। अपनी विशिष्ट स्थापत्य शैली और प्राकृतिक परिवेश के कारण यह परिसर देहरादून की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल है।

