देहरादून। विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हरिद्वार के अमरापुर घाट पर गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीजों का संचयन किया। मत्स्य विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा का संरक्षण और संवर्धन करने के साथ जलीय जैव विविधता को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि मां गंगा केवल आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक ही नहीं, बल्कि समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों का महत्वपूर्ण आधार भी हैं। गंगा की निर्मलता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि नदियों में पाए जाने वाले जलीय जीवों और प्राकृतिक मत्स्य संपदा का संरक्षण पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है। नदियों की जैव विविधता सुरक्षित रहेगी, तभी उनका पारिस्थितिकीय संतुलन भी बना रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व मात्स्यिकी दिवस हमें जलीय संसाधनों के संरक्षण, मत्स्य संपदा के संवर्धन और इनके सतत उपयोग के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर देता है। गंगा जैसी महत्वपूर्ण नदियों के प्राकृतिक स्वरूप को सुरक्षित रखने के लिए जनभागीदारी भी आवश्यक है।
कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को नदी संरक्षण और जलीय जीवों की सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। गंगा में मत्स्य बीजों का संचयन इसी दिशा में उठाया गया कदम है।

