After Header-1

नर्मदा स्नान कर लौट रहे ग्रामीणों की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 3 की मौत, 33 घायल

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में रविवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गौरझामर थाना क्षेत्र के नीम घाटी के पास नर्मदा स्नान कर लौट रहे ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत हो गई, जबकि 33 लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 36 लोग सवार थे। सभी सागर जिले की बांदरी तहसील के गढ़ौला गोसाई गांव के निवासी थे। ग्रामीण शनिवार को नरसिंहपुर जिले के बरमान घाट पर नर्मदा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए गए थे। रविवार को वापस गांव लौटते समय नीम घाटी के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एसडीएम देवरी मुनव्वर खान के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्य कराया गया। सभी घायलों को देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

हादसे में रक्षा प्रजापति, प्रेमरानी यादव पत्नी रम्मू यादव और राकेश यादव पुत्र रम्मू यादव (50) की मौत हुई है। प्रेमरानी और राकेश मां-बेटे थे। एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से गढ़ौला गोसाई में शोक की लहर है।

प्रशासन के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में निर्धारित क्षमता से अधिक लोग तो सवार नहीं थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में बड़ी संख्या में लोगों को बैठाकर हाईवे पर ले जाने और उनकी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.