After Header-1

गुजरात में उत्तराखंड के सैनिक परिवार पर टूटा काल, तीन मासूमों समेत सात की मौत

देहरादून। गुजरात के कच्छ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में उत्तराखंड के एक सैनिक परिवार के सात सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। हादसे में एक तीन महीने की मासूम बच्ची की भी जान चली गई। घटना 21 नवंबर की रात खावड़ा-भुज हाईवे पर हुई, जब परिवार की कार सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार किसी भी व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका।

जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड का यह परिवार दिवाली की छुट्टियां बिताने गुजरात के कच्छ पहुंचा था। शनिवार को कच्छ का रण घूमने के बाद सभी कार से भुज लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे खावड़ा-भुज हाईवे पर उनकी कार सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और 108 एंबुलेंस को जानकारी दी। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भुज स्थित जीके जनरल अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक परिवार सेना से जुड़ा हुआ था। घटना की सूचना मिलने पर सेना के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। कार की नंबर प्लेट क्षतिग्रस्त होने के कारण उस पर केवल UK07 अंक ही दिखाई दे रहे हैं। इससे परिवार के देहरादून का निवासी होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हादसे में जान गंवाने वालों में पति-पत्नी और उनकी तीन महीने की बेटी भी शामिल हैं।

पीएम मोदी ने जताया दुख, आर्थिक सहायता का ऐलान

हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संवेदना प्रकट करते हुए मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दुर्घटना पर गहरा शोक जताया। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। गुजरात पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.