उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में धार्मिक स्थलों के पुनर्विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण काम हो रहे हैं। सड़क, रेल और हवाई सेवाओं के विस्तार के साथ आधुनिक यात्री सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे प्रदेश में धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ अन्य पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड केवल चारधाम यात्रा तक सीमित पर्यटन वाला प्रदेश नहीं है, बल्कि यहां धार्मिक आस्था, प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के अनेक ऐसे केंद्र हैं, जिनमें पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। मानसखंड क्षेत्र के धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को पर्यटन से जोड़ने की पहल इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पर्यटन को केवल यात्रियों की आवाजाही तक सीमित रखना नहीं, बल्कि इसे स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार का मजबूत माध्यम बनाना है। पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से दूरस्थ पर्वतीय गांवों में भी आजीविका के नए अवसर पैदा होंगे। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ने का मौका मिलेगा तथा होमस्टे, परिवहन, खानपान और स्थानीय उत्पादों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
भट्ट ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ उत्तराखंड को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। पर्यटन का यह विस्तार प्रदेश के समग्र विकास और पर्वतीय क्षेत्रों की आर्थिक मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

