मुख्यमंत्री ने आरडीएसएस योजना के तहत स्मार्ट मीटरिंग और विद्युत व्यवस्था मजबूत करने के लिए 3,436.08 करोड़ रुपये की स्वीकृति, चम्पावत बाईपास के लिए 199 करोड़ रुपये की मंजूरी तथा चारधाम यात्रा मार्ग पर एटीसी टावर की व्यवस्था के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि देहरादून रिंग रोड की लगभग 1,200 करोड़ रुपये की परियोजना के अलाइनमेंट को भी मंजूरी मिली है।
धामी ने देहरादून-हरिद्वार आरआरटीएस विस्तार के लिए मेरठ-मोदीनगर से हरिद्वार तक फिजिबिलिटी स्टडी कराने का अनुरोध किया। साथ ही ऋषिकेश में यातायात का दबाव कम करने के लिए बजरंग सेतु से बैरागी कैंप तक जलमार्ग की संभावनाएं तलाशने में सहयोग के लिए आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। चौपता-दुगलबिट्टा, पटवाडांगर और शारदा कॉरिडोर में भी नई संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चारधाम के शीतकालीन गद्दी स्थलों से यात्रा शुरू की गई है। जीएमवीएन और केएमवीएन के आवास गृहों में पर्यटकों को 50 प्रतिशत छूट दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड का कारोबार 6.9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। अमेजन, जियो मार्ट और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार मिल रहा है। उत्तराखंड एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स में छोटे राज्यों की श्रेणी में पहले स्थान पर रहा है।
शिक्षा के क्षेत्र में 559 क्लस्टर विद्यालय चिह्नित किए गए हैं। इनमें 331 का आकलन पूरा हो चुका है और 93 विद्यालयों के लिए स्वीकृति जारी की गई है। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन, पुनर्निर्माण और विकास कार्यों में केंद्र से निरंतर सहयोग का भी अनुरोध किया।

