पौड़ी गढ़वाल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने सुबह करीब 11 बजे उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, शनिवार को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपनी मां से आखिरी मुलाकात इसी साल मई में हुई थी। उस समय वह दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर 7 मई को अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और परिजनों से मुलाकात की थी।
8 मई को विभिन्न कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री अपने पैतृक आवास पहुंचे थे, जहां उन्होंने मां सावित्री देवी का आशीर्वाद लिया था। उस समय किसी ने नहीं सोचा था कि मां-बेटे की यह मुलाकात आखिरी होगी।
योगी आदित्यनाथ का अपने पैतृक गांव और परिवार से गहरा जुड़ाव रहा है। हालांकि, संन्यास लेने के बाद उनकी पारिवारिक मुलाकातें सीमित हो गई थीं। इसके बावजूद वह समय-समय पर अपने गांव पहुंचकर परिजनों से मुलाकात करते रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और प्यार जीवन की सबसे अनमोल धरोहर होते हैं। उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
मुख्यमंत्री धामी ने बाबा केदारनाथ से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

