After Header-1

जन्मोत्सव मेले के बीच खाटूधाम में बड़ा हादसा, आग की लपटों और धमाकों से दहले श्रद्धालु

सीकर। राजस्थान के सीकर जिले में प्रसिद्ध खाटूश्याम मंदिर के पास शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंदिर के निकास द्वार के नजदीक स्थित एक रेस्टोरेंट में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान रेस्टोरेंट में रखे चार गैस सिलेंडरों में जोरदार धमाके हुए। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास मौजूद श्रद्धालुओं और दुकानदारों में दहशत फैल गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

हादसे के समय खाटूश्याम जी का वार्षिक जन्मोत्सव मेला चल रहा था। इसके चलते मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। मंदिर के एग्जिट गेट के पास आग लगने से भगदड़ जैसी स्थिति बनने का खतरा पैदा हो गया। आग की ऊंची लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं, जिससे लोगों में भय का माहौल बन गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रेस्टोरेंट में आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। हालांकि, आतिशबाजी को आग की संभावित वजह माना जा रहा है। जन्मोत्सव मेले को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में पटाखे फोड़ने पर प्रतिबंध लगा रखा था। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा आतिशबाजी किए जाने और पटाखे इधर-उधर फेंके जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासी और व्यापारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। बाद में मंदिर समिति और प्रशासन की दमकल गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस और प्रशासन की टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। रेस्टोरेंट में रखे दो दर्जन से अधिक गैस सिलेंडरों में से शेष सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। जन्मोत्सव मेले में लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच हुए इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.