After Header-1

अंतरिक्ष में चीन की नई तैयारी, क्या शेनलॉन्ग बदल देगा दुनिया की सैन्य ताकत का समीकरण?

बीजिंग/वाशिंगटन। अंतरिक्ष में चीन की बढ़ती सैन्य और तकनीकी महत्वाकांक्षाओं को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। अमेरिकी डिफेंस इंटेलिजेंस एजेंसी (डीआईए) की एक रिपोर्ट में चीन के रहस्यमय रीयूजेबल स्पेसप्लेन ‘शेनलॉन्ग’ की तस्वीर सामने आने के बाद इसकी संभावित क्षमताओं पर सवाल उठने लगे हैं। इसी बीच चीन के एक विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं के कंप्यूटर आधारित अध्ययन में दावा किया गया है कि यदि चीन ऐसे 40 अंतरिक्ष विमानों का बेड़ा तैयार कर लेता है, तो पृथ्वी के किसी भी हिस्से की ओर हमला शुरू करने के लिए उसे अधिकतम ढाई मिनट का इंतजार करना पड़ सकता है।

शीआन स्थित नॉर्थवेस्टर्न पॉलीटेक्निकल यूनिवर्सिटी के शोधकर्ता डू चोंगरुई और उनकी टीम का यह अध्ययन ‘एक्टा एरोनॉटिका एट एस्ट्रोनॉटिका सिनिका’ जर्नल में प्रकाशित हुआ है। इसमें करीब 400 किलोमीटर की ऊंचाई पर निचली पृथ्वी कक्षा (लो अर्थ ऑर्बिट) में 40 चालक रहित स्पेसप्लेन तैनात करने की काल्पनिक व्यवस्था का विश्लेषण किया गया है।

एआई से तैयार किया अंतरिक्ष विमानों का नेटवर्क

अध्ययन के अनुसार, यदि 40 स्पेसप्लेन को अंतरिक्ष में विशेष असममित व्यवस्था में तैनात किया जाए, तो पृथ्वी के किसी भी स्थान की ओर अवरोहण शुरू करने के लिए अधिकतम 2.5 मिनट का इंतजार करना पड़ेगा। दुनिया के अधिकांश आबादी वाले क्षेत्रों में यह समय घटकर करीब एक मिनट रह सकता है।

इसके लिए शोधकर्ताओं ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सुदृढीकरण अधिगम (रीइन्फोर्समेंट लर्निंग) तकनीक का इस्तेमाल किया। सामान्य उपग्रहों की तरह समान दूरी पर तैनाती करने के बजाय अंतरिक्ष विमानों को ऐसे स्थानों पर रखने का मॉडल तैयार किया गया, जहां से पृथ्वी के अलग-अलग हिस्सों तक तेजी से पहुंचने की शुरुआत की जा सके। शोध के मुताबिक, इस व्यवस्था ने पारंपरिक सैटेलाइट मॉडल में मौजूद 8.6 मिनट के अधिकतम इंतजार को घटाकर 2.5 मिनट कर दिया।

अमेरिकी एक्स-37बी जैसा है शेनलॉन्ग

चीन का शेनलॉन्ग स्पेसप्लेन अमेरिकी एक्स-37बी अंतरिक्ष विमान के समान माना जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक, इसने वर्ष 2020 से कई प्रायोगिक मिशन पूरे किए हैं। डीआईए की रिपोर्ट में सामने आई तस्वीर में इसके पेलोड बे के दरवाजे खुले दिखाई दिए हैं। इससे इसके संभावित अंतरिक्ष मिशनों और सैन्य उपयोग को लेकर विशेषज्ञों की दिलचस्पी बढ़ी है।

अभी सैद्धांतिक है हमला करने की क्षमता का दावा

हालांकि, इस अध्ययन को वास्तविक सैन्य क्षमता का प्रमाण नहीं माना जा सकता। शोधकर्ताओं ने शेनलॉन्ग के वास्तविक तकनीकी विनिर्देशों के बजाय सीएवी-एच जैसे हाइपरसोनिक ग्लाइड वाहन का मॉडल इस्तेमाल किया है। इसकी अनुमानित अधिकतम दूरी 10 हजार किलोमीटर से अधिक बताई गई है। अध्ययन में ढाई मिनट का समय लक्ष्य पर हमला करने में लगने वाला समय नहीं, बल्कि अंतरिक्ष से अवरोहण शुरू करने से पहले का अधिकतम इंतजार है। लक्ष्य तक पहुंचने में इसके बाद भी कई मिनट या उससे अधिक समय लग सकता है।

चीन के सामने बड़ी तकनीकी चुनौती

विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे 40 स्पेसप्लेन का बेड़ा तैयार करना और उसे लगातार अंतरिक्ष में संचालित करना आसान नहीं होगा। इसके लिए भारी निवेश, उन्नत प्रक्षेपण तकनीक और जटिल परिचालन व्यवस्था की जरूरत पड़ेगी। फिलहाल शेनलॉन्ग का कार्यक्रम प्रायोगिक चरण में है।

इसके बावजूद यह अध्ययन दिखाता है कि अंतरिक्ष तकनीक अब केवल वैज्ञानिक अनुसंधान तक सीमित नहीं रह गई है। अमेरिका का एक्स-37बी कार्यक्रम और चीन की रीयूजेबल स्पेसप्लेन तकनीक भविष्य में अंतरिक्ष आधारित सैन्य क्षमताओं और वैश्विक रणनीतिक संतुलन को प्रभावित कर सकती है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.