देहरादून। मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर में अब पर्यटकों को सफेद बाघ का दीदार करने का मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तेजस के आने से चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का नया अनुभव मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां हर साल करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं, जिससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पहली बार इस प्रजाति का सफेद बाघ लाया गया है। इससे पहले भी चिड़ियाघर में दो अन्य बाघ लाए गए थे, जिनसे पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चिड़ियाघर केवल मनोरंजन और पर्यटन का केंद्र नहीं, बल्कि वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। यहां बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, जैव विविधता तथा पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का अवसर मिलता है।
उन्होंने बताया कि पहले बच्चों के लिए चिड़ियाघर में निशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इसी दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी चिड़ियाघर में निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री के अनुसार, इस पहल से विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण से जुड़े विषयों का व्यावहारिक ज्ञान मिलेगा। साथ ही युवाओं में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और संरक्षण की भावना विकसित होगी।
कार्यक्रम में वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आरके सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

