After Header-1

कैंट क्षेत्र को 48.44 करोड़ की सौगात, आठ बड़ी घोषणाओं से विकास को मिलेगी रफ्तार

 देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंट विधानसभा क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात देते हुए 48.44 करोड़ रुपये की लागत वाली 23 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। गुरुवार को कोलागढ़ में आयोजित जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने 29.41 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई 10 परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जबकि 19.03 करोड़ रुपये की 13 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने क्षेत्र के विकास से जुड़ी आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

मुख्यमंत्री की घोषणाओं में शिक्षा, सड़क और पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने शास्त्रीनगर नाले के पुनर्निर्माण कार्य को शीघ्र स्वीकृति देने की बात कही। साथ ही हरवंश कपूर राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में उपलब्ध भूमि को देखते हुए राजकीय डिग्री कॉलेज खोलने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। कांवली रोड के पुनः चौड़ीकरण के साथ लोक निर्माण विभाग के माध्यम से पांच करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़कों का निर्माण कराया जाएगा।

पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यमुना कॉलोनी के वार्ड-23, इंद्रापुरम के वार्ड-41 और हिंदलोक कॉलोनी के वार्ड-43 में भगवान शंकर मंदिर के समीप एक-एक ट्यूबवेल स्थापित किए जाएंगे। गोविंदगढ़ के वार्ड-14 में चार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पेयजल लाइन सुदृढ़ीकरण तथा करीब पांच करोड़ रुपये की विजय पार्क पेयजल लाइन योजना को आगामी कार्ययोजनाओं में शामिल करने की भी घोषणा की गई। इसके अलावा प्रेमनगर को नगर पालिका में शामिल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। सरकार ने अंत्योदय परिवारों को सालाना तीन मुफ्त गैस सिलेंडर, महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और राज्य आंदोलनकारियों को आरक्षण जैसी व्यवस्थाएं लागू की हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 208 प्रकार की पैथोलॉजिकल जांच निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में खेल कोटे का लाभ भी दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में कैंट विधायक सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.