मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए भट्ट ने कांग्रेस प्रदेश प्रभारी के दौरे को सियासी पर्यटन करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रभारी के दौरे को पार्टी के नेता बेवजह गंभीरता से ले रहे हैं और इसके चलते कांग्रेस के भीतर ही आपसी खींचतान और नूरा-कुश्ती का माहौल बना हुआ है।
भट्ट ने कहा कि कांग्रेस के प्रभारी को प्रदेश में केवल राजनीतिक दौरे करने के बजाय धारचूला और चकराता की स्थिति पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इन क्षेत्रों में कांग्रेस विधायकों की ओर से गुंडागर्दी और बेटियों के अपमान जैसी घटनाएं सामने आई हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में डबल इंजन की सरकार विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ गांव से लेकर शहर तक आम लोगों को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि जनता अपने आसपास हो रहे विकास कार्यों और बदलाव को महसूस कर रही है। यही वजह है कि भाजपा को जनता का लगातार समर्थन मिल रहा है। कांग्रेस के आरोपों और राजनीतिक बयानबाजी का आगामी चुनाव में कोई असर नहीं पड़ेगा।

