देहरादून/दिल्ली। उत्तराखंड के पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने और भारत-नेपाल के बीच पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए पंतनगर से काठमांडू तक सीधी हवाई सेवा शुरू करना हमारा सपना है। दोनों देशों के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक रिश्तों को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों को संयुक्त पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। यह बात प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने गुरुवार को नई दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित एक होटल में आयोजित ‘नेपाल कॉलिंग’ डेस्टिनेशन प्रमोशन कार्यक्रम में कही।
नेपाल दूतावास और नेपाल पर्यटन बोर्ड की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की थीम ‘एक तराई, दो राष्ट्र’ रही। इसमें उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि भारत और नेपाल का संबंध केवल दो पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं है, बल्कि दोनों के बीच आस्था, संस्कृति और रोटी-बेटी का सदियों पुराना रिश्ता है। माता सीता की जन्मभूमि जनकपुर, भगवान बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी और बाबा पशुपतिनाथ दोनों देशों की साझा धार्मिक विरासत के प्रतीक हैं।
उन्होंने उत्तराखंड और नेपाल के धार्मिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि मान्यता के अनुसार भगवान शिव के वृषभ रूप का शीश नेपाल के भक्तपुर स्थित डोलेश्वर महादेव में प्रकट हुआ था, जबकि उनकी पीठ केदारनाथ में प्रकट हुई। इस तरह बाबा केदार और नेपाल की धार्मिक परंपराओं का गहरा जुड़ाव है। महाकाली नदी भी दोनों क्षेत्रों को प्राकृतिक और सांस्कृतिक रूप से जोड़ती है।
महाराज ने कहा कि उत्तराखंड का तराई क्षेत्र, जिसमें ऊधम सिंह नगर, नैनीताल का मैदानी हिस्सा और चंपावत का टनकपुर-बनबसा क्षेत्र शामिल है, नेपाल के कंचनपुर और कैलाली जिलों से जुड़ा हुआ है। दोनों तरफ प्राकृतिक वातावरण, वन संपदा, थारू संस्कृति और धार्मिक परंपराओं में काफी समानता है।
उन्होंने इस पूरे क्षेत्र को सीमा पार संयुक्त पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा। इससे पर्यटक दोनों देशों में अधिक समय बिता सकेंगे तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार, कारोबार और पर्यटन से जुड़े नए अवसर पैदा होंगे।

