देहरादून। उत्तराखंड में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना के तहत सोमवार, 16 नवंबर से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया शुरू हो गई। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना कर प्रदेश में इस अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी स्व-गणना की। प्रदेश के कई मंत्रियों ने भी डिजिटल माध्यम से इस राष्ट्रीय अभियान में भागीदारी निभाई।
स्व-गणना अभियान के तहत जनगणना मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और रेखा आर्य ने भी अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज किया। जनप्रतिनिधियों की इस पहल का उद्देश्य आमजन को स्व-गणना प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक लोगों को डिजिटल माध्यम से जनगणना में भाग लेने के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर जनगणना अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड की निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने एलईडी प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को जनगणना की प्रक्रिया और स्व-गणना के महत्व की जानकारी देंगे।
अधिकारियों के अनुसार, स्व-गणना के माध्यम से नागरिक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्वयं अपने परिवार से संबंधित आवश्यक विवरण दर्ज कर सकेंगे। इससे जनगणना प्रक्रिया में आमजन की सीधी भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ जागरूकता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय के संयुक्त निदेशक शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप निदेशक परवीन कुमार, उप निदेशक आर.के. बनवारी और सहायक निदेशक संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

