After Header-1

खटीमा में छठ घाट को मिली नई पहचान, मुख्यमंत्री धामी ने किया सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार देर शाम खटीमा में आयोजित छठ महोत्सव में प्रतिभाग कर भगवान सूर्य नारायण की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने वार्ड नंबर 14 स्थित संजय रेलवे पार्क के पास नवनिर्मित छठ घाट के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया।

पूर्वांचल सेवा समिति खटीमा की ओर से आयोजित छठ महोत्सव में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को लोक आस्था के महापर्व छठ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छठी मईया और भगवान सूर्य नारायण से सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि और खुशहाल जीवन की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, आस्था, अनुशासन, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अद्भुत संगम है। यह पर्व हमें जीवन में संयम, समर्पण और स्वच्छता का महत्व सिखाता है। उगते और अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा जीवन का महत्वपूर्ण संदेश देती है। यह हमें सिखाती है कि सम्मान केवल सफलता के शिखर पर पहुंचने वालों का ही नहीं, बल्कि कठिन संघर्षों से गुजरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का भी होना चाहिए।

उन्होंने पूर्वांचल सेवा समिति और आयोजन से जुड़े सभी स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि छठ महापर्व सामाजिक एकता, पारिवारिक समर्पण और लोक संस्कृति का प्रतीक है। उत्तराखंड में इस पर्व का उत्साह यहां की सांस्कृतिक विविधता और आपसी भाईचारे को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महोत्सव उत्तराखंड और पूर्वांचल की सांस्कृतिक परंपराओं को जोड़ने का कार्य कर रहा है। ऐसे आयोजन विविधता में एकता की भावना को मजबूत करने के साथ समाज में प्रेम, सद्भाव और सहयोग का संदेश देते हैं।

संजय रेलवे पार्क के समीप छठ घाट के सौंदर्यीकरण कार्य के लोकार्पण से स्थानीय श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और छठ पर्व के आयोजन को भी नई पहचान मिलेगी।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.