After Header-1

छठ महापर्व का आज खरना, शाम को प्रसाद ग्रहण करते ही शुरू होगा 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत

पटना, 14 नवंबर। लोक आस्था और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूरे श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। शनिवार को महापर्व का दूसरा दिन है, जिसे खरना के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को विधि-विधान से भगवान सूर्य और छठी मइया की पूजा-अर्चना करेंगी। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही छठ व्रत का सबसे कठिन चरण 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा।

खरना को लेकर सुबह से ही घरों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। व्रती स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करती हैं और पूरी पवित्रता के साथ पूजा की तैयारी करती हैं। इस दिन गुड़ से बनी खीर, रोटी और फल का विशेष प्रसाद तैयार किया जाता है। प्रसाद बनाने में साफ-सफाई और शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। शाम को भगवान सूर्य और छठी मइया की पूजा के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करती हैं। इसके बाद परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों के बीच भी प्रसाद वितरित किया जाता है।

खरना के बाद शुरू होगा कठिन निर्जला उपवास

खरना के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा। इस दौरान व्रती अन्न और जल ग्रहण नहीं करती हैं। रविवार को छठ महापर्व के तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके लिए व्रती और श्रद्धालु शाम को नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के घाटों पर पहुंचेंगे। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन होगा।

बाजारों और छठ घाटों पर बढ़ी रौनक

महापर्व को लेकर घरों से लेकर बाजारों तक उत्साह का माहौल है। फल, नारियल, गन्ना, सूप, दउरा और पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं, विभिन्न छठ घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और सजावट का काम तेजी से किया जा रहा है।

छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, शुद्धता और सामाजिक समरसता का भी संदेश देता है। इस अवसर पर श्रद्धालु परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और लोककल्याण की कामना के साथ भगवान सूर्य एवं छठी मइया की आराधना करते हैं।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.