भोपाल/खरगोन, 14 नवंबर। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में शनिवार सुबह एक बार फिर भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। पिछले 25 दिनों के भीतर दूसरी बार धरती कांपने से क्षेत्र के लोग चिंतित हैं। सुबह करीब 9:15 बजे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 दर्ज की गई। लगभग तीन से चार सेकंड तक धरती में कंपन महसूस किया गया। अचानक आए झटकों के बाद लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। वहीं, स्कूलों में एहतियात बरतते हुए बच्चों को कक्षाओं से निकालकर खुले मैदान में पहुंचाया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की सीमा से लगे सतपुड़ा क्षेत्र में था। यह खरगोन जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर और जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। भूकंप के झटके खरगोन के अलावा सेंधवा, खंडवा, बुरहानपुर और भीकनगांव के सीमावर्ती इलाकों में भी महसूस किए गए।
गौरतलब है कि इससे पहले 18 अक्टूबर को भी खरगोन में भूकंप आया था। उस समय दोपहर 12:14 बजे महसूस किए गए झटकों की तीव्रता 4.1 दर्ज की गई थी। उस भूकंप का केंद्र भी जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे था। महज 25 दिनों के भीतर दूसरी बार धरती कांपने से लोगों में भय का माहौल है।
सोफे खिसकने लगे, बच्चों को मैदान में पहुंचाया
स्थानीय निवासी दीपक कानूनगो, प्रभुराम मालवी और बसंत सोनी ने बताया कि भूकंप के दौरान घरों में रखे सोफे तक अपनी जगह से खिसकने लगे। कंपन महसूस होते ही वे परिवार के सदस्यों के साथ घरों से बाहर निकल आए। सनावद रोड स्थित अविसंस स्कूल में भी झटके महसूस किए गए। शिक्षकों ने तत्काल बच्चों को स्कूल भवन से बाहर निकालकर मैदान में पहुंचाया। बाद में विद्यार्थियों को भूकंप के दौरान सुरक्षित रहने और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
प्रशासन ने जुटाई जानकारी
खरगोन एसडीएम सत्येंद्र बैरवा ने बताया कि जिले के कई इलाकों से भूकंप के झटके महसूस होने की सूचनाएं मिली हैं। प्रशासन ने विभिन्न क्षेत्रों से जानकारी जुटाई है। फिलहाल कहीं से भी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

