After Header-1

गुच्चुपानी को मिलेगा पर्यटन हब का रूप, केंद्रीय मंत्री से मिले गणेश जोशी

नई दिल्ली/देहरादून। देहरादून के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रॉबर्स केव (गुच्चुपानी) को आधुनिक सुविधाओं से युक्त पर्यटन हब के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। इस संबंध में प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान उन्होंने रॉबर्स केव के सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से जुड़े प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध किया।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित रॉबर्स केव अपनी प्राकृतिक सुंदरता और अनूठी भौगोलिक संरचना के कारण देश-विदेश के पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं। ऐसे में इस पर्यटन स्थल का सुनियोजित विकास समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि रॉबर्स केव का सौंदर्यीकरण करने, आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने और पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे यहां आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। पर्यटन से जुड़ी आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होने से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलेगा।

गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखण्ड की आर्थिकी में पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, मौजूदा पर्यटन स्थलों के उन्नयन और नए पर्यटन गंतव्यों को विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से उत्तराखण्ड सरकार की ओर से केंद्र को भेजे गए पर्यटन विकास संबंधी अन्य प्रस्तावों को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र मंजूरी देने का आग्रह किया।

इस अवसर पर केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने गणेश जोशी द्वारा उठाए गए विषयों पर सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने संबंधित प्रस्तावों पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिलाया। इससे रॉबर्स केव के पर्यटन विकास और सौंदर्यीकरण की योजना को आगे बढ़ाने की उम्मीद जगी है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.