After Header-1

सहकारिता से किसानों और महिलाओं की बदलेगी तकदीर, महाराष्ट्र में डॉ. धन सिंह रावत ने साझा किया उत्तराखंड मॉडल

मुंबई/देहरादून। सहकारी संस्थाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक आर्थिक अवसर पहुंचाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का सशक्त माध्यम हैं। यह बात प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने महाराष्ट्र भ्रमण के दौरान कही। उन्होंने नवी मुंबई स्थित कोऑपरेटिव बैंक का भ्रमण कर उसकी बैंकिंग प्रणाली, वित्तीय गतिविधियों और उपभोक्ता सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बैंक के पदाधिकारियों और निदेशक मंडल के साथ बैठक कर उत्तराखंड में संचालित सहकारिता योजनाओं एवं नवाचारों की जानकारी भी साझा की।

बैंक पहुंचने पर अध्यक्ष बजरंग रामचंद्र सावंत और उपाध्यक्ष कृष्णकांत रामचंद्र शिंदे ने डॉ. रावत का स्वागत किया। इसके बाद बैंक अध्यक्ष ने बैंक की कार्यप्रणाली, वित्तीय गतिविधियों और उपलब्धियों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

बैठक में डॉ. रावत ने बताया कि उत्तराखंड सरकार सहकारिता के माध्यम से किसानों, महिलाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है। दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत किसानों को तीन लाख रुपये तक का शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण देकर स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ा जा रहा है।

उन्होंने मिलेट्स मिशन की जानकारी देते हुए कहा कि इसके माध्यम से पारंपरिक मोटे अनाजों के उत्पादन, खरीद और विपणन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे पर्वतीय किसानों की आय बढ़ाने और स्थानीय कृषि उत्पादों को नई पहचान दिलाने में मदद मिल रही है।

डॉ. रावत ने माधो सिंह भंडारी सामूहिक सहकारी खेती योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि महिला स्वयं सहायता समूहों और सहकारी समूहों के माध्यम से पहाड़ों की अनुपयोगी एवं बंजर भूमि का सदुपयोग किया जा रहा है। समूह सामूहिक रूप से सब्जियों, फल-फूलों और अन्य कृषि उत्पादों की खेती कर ग्रामीण आजीविका को मजबूत बना रहे हैं।

उन्होंने सहकारी समितियों के डिजिटलीकरण, पैक्स के कंप्यूटरीकरण और बहुउद्देशीय सहकारी समितियों के विस्तार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देशभर में ‘सहकारिता से समृद्धि’ के संकल्प को आगे बढ़ाया जा रहा है। उत्तराखंड सरकार भी सहकारिता को किसानों की समृद्धि, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास का आधार बनाने के लिए प्रयासरत है।

इस दौरान डॉ. रावत ने श्री कुलस्वामी कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी लिमिटेड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सोसाइटी की कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए कहा कि संस्था सहकारिता के क्षेत्र में अच्छा काम कर रही है। उत्तराखंड की सहकारी समितियों में भी इसके कार्य मॉडल को अपनाने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।

महाराष्ट्र पहुंचने पर उत्तराखंडी प्रवासी समाज, पनवेल और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी डॉ. रावत का स्वागत किया। कार्यक्रम में बैंक के निदेशक मंडल के सदस्यों सहित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.