After Header-1

भोपाल पहुंचे सीएम धामी, शिवराज सिंह चौहान की मां को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

देहरादून/भोपाल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचकर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की दिवंगत माताजी काशी बाई को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री धामी ने शिवराज सिंह चौहान के आवास पर पहुंचकर उनके परिवार से मुलाकात की और इस कठिन समय में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं उनके परिजनों से भेंट कर दिवंगत काशी बाई के निधन पर गहरा दुःख जताया। उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और उनके दिए संस्कार किसी भी व्यक्ति के जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होते हैं। मां का स्थान जीवन में कभी कोई नहीं ले सकता। उनका साया उठ जाना परिवार के लिए ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि माता-पिता का आशीर्वाद और उनके द्वारा दिए गए संस्कार जीवनभर व्यक्ति का मार्गदर्शन करते हैं। मां का प्रेम और त्याग हर संतान के जीवन में विशेष महत्व रखता है। ऐसे कठिन समय में परिवार को धैर्य और संबल बनाए रखने की आवश्यकता होती है।

उन्होंने शिवराज सिंह चौहान और उनके परिजनों को ढांढस बंधाते हुए इस दुःख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा भी दिलाया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा काशी बाई को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की। साथ ही शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति और धैर्य प्रदान करने की कामना की।

मुख्यमंत्री की इस मुलाकात के माध्यम से उन्होंने व्यक्तिगत रूप से शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना और सम्मान प्रकट किया।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.