After Header-1

धामी सरकार के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा अभियान, 23 नवंबर को राजभवन कूच करेगी पार्टी

 उत्तराखंड में भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर पार्टी 10 से 30 नवंबर 2026 तक हस्ताक्षर अभियान और जनजागरण कार्यक्रम चलाएगी। इस अभियान के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, गणेश जोशी और डॉ. धन सिंह रावत के खिलाफ लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर जनता के बीच आवाज उठाई जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 10 से 18 नवंबर तक सभी जिला, महानगर, ब्लॉक और नगर कांग्रेस कमेटियां अपने-अपने क्षेत्रों में हस्ताक्षर अभियान संचालित करेंगी। इस दौरान हस्ताक्षरयुक्त पंपलेट और बैनर के माध्यम से भाजपा सरकार को घेरते हुए भ्रष्टाचार के मुद्दे जनता के सामने रखे जाएंगे। सभी संबंधित कमेटियों को 20 नवंबर तक हस्ताक्षरयुक्त सामग्री प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

23 नवंबर को राजभवन तक निकलेगी पदयात्रा

अभियान के अगले चरण में 23 नवंबर को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस मुख्यालय से राजभवन तक पदयात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान हस्ताक्षरयुक्त बैनर और पंपलेट राज्यपाल को सौंपकर सरकार के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच और कार्रवाई की मांग की जाएगी।

नुक्कड़ नाटकों से जनता को करेगी जागरूक

कांग्रेस 25 से 30 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिला और महानगर मुख्यालयों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनजागरण अभियान चलाएगी। पार्टी का उद्देश्य भ्रष्टाचार के आरोपों और जनहित से जुड़े मुद्दों को आम जनता तक पहुंचाना है।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी के सभी जिला, महानगर, ब्लॉक और नगर अध्यक्षों, विधायकों, पूर्व विधायकों, विधानसभा चुनाव प्रत्याशियों तथा वरिष्ठ नेताओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार की जवाबदेही तय करना जरूरी है। कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठाते हुए सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.