After Header-1

रांची के हिंदपीढ़ी में गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों के फल-सब्जियों के कैरेट जलकर राख

रांची। राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं। घटना के बाद आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बन गया। इस अगलगी में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, आग हिंदपीढ़ी की थर्ड स्ट्रीट स्थित एक गोदाम में लगी थी। गोदाम में फलों और सब्जियों को रखने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले बड़ी संख्या में कैरेट रखे हुए थे। इनमें से कई कैरेट खुले स्थान पर रखे थे। इसी दौरान अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। खबर लिखे जाने तक आग बुझाने का प्रयास जारी था।

इस घटना के बाद घनी आबादी वाले हिंदपीढ़ी इलाके में गोदाम के संचालन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि घनी आबादी के बीच गोदाम का संचालन किन परिस्थितियों में किया जा रहा था और वहां अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। थाना प्रभारी के अनुसार, दमकल विभाग की टीम आग बुझाने में लगी हुई है। राहत की बात यह है कि अब तक इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.