After Header-1

तुर्किये के स्टील प्लांट में भीषण विस्फोट, 16 मजदूरों की मौत से मचा हड़कंप

अंकारा (तुर्किये)। पश्चिमी तुर्किये के इजमिर प्रांत में सोमवार को एक स्टील प्लांट में हुए भीषण विस्फोट ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। इस दुर्घटना में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया है।

राष्ट्रपति एर्दोआन ने अंकारा स्थित राष्ट्रपति भवन में कैबिनेट बैठक के बाद हादसे में हुई जनहानि की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि इस घटना से पूरा देश दुखी है। विस्फोट के कारणों का पता लगाने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए न्यायिक एवं प्रशासनिक जांच शुरू कर दी गई है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह हादसा इजमिर के आलियागा जिले में स्थित ‘हबास आयरन एंड स्टील प्लांट’ में हुआ। इजमिर के गवर्नर सुलेमान एल्बान ने बताया कि स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 11:46 बजे भट्टी (फर्नेस) बदलने का काम चल रहा था। इसी दौरान एक सीलिंग क्रेन गिर गई, जिससे कुछ सामान इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस में जा गिरा। इस घटना के कारण प्राकृतिक गैस की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई और जोरदार विस्फोट हो गया।

गवर्नर के मुताबिक, हादसे के समय प्लांट में करीब 200 मजदूर मौजूद थे, जबकि सामान्य शिफ्ट में यहां 300 से अधिक कर्मचारी काम करते हैं। शुरुआती जानकारी में 10 लोगों की मौत और 15 के घायल होने की पुष्टि हुई थी। बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई। घटना के बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

इस दर्दनाक हादसे पर अजरबैजान और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भी शोक जताया है। अजरबैजान ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। वहीं, वॉन डेर लेयेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तुर्किये के साथ एकजुटता व्यक्त की।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.