After Header-1

हरिद्वार जेल से निकलते ही उर्मिला सनावर को देहरादून पुलिस ने उठाया, तीन घंटे पूछताछ के बाद मिली आजादी

देहरादून/हरिद्वार। अभिनेत्री उर्मिला सनावर की हरिद्वार जिला जेल से रिहाई शुक्रवार को नाटकीय घटनाक्रम में बदल गई। जेल से बाहर निकलते ही देहरादून पुलिस की एसओजी टीम उन्हें अपने साथ ले गई। यहां करीब तीन घंटे तक पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। बताया जा रहा है कि देहरादून में दर्ज एक पुराने मामले के संबंध में उनसे पूछताछ की गई।

उर्मिला सनावर 25 अक्टूबर से हरिद्वार जेल में बंद थीं। पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने 24 अक्टूबर को रानीपुर कोतवाली में उनके खिलाफ दो मुकदमे दर्ज कराए थे। इनमें पहला मामला पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और दूसरा वर्ष 2025 में अश्लील वीडियो प्रसारित करने से संबंधित था। पुलिस ने 25 अक्टूबर को सहारनपुर से उर्मिला को गिरफ्तार किया था।

रंगदारी के मामले में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार श्रीवास्तव ने दो नवंबर को उन्हें 50 हजार रुपये के निजी मुचलके और दो जमानतियों पर जमानत दे दी थी। हालांकि, जमानती उपलब्ध नहीं होने के कारण उनकी रिहाई अटक गई थी। इसके बाद उनके अधिवक्ता प्रीति सिंह चौहान ने पांच नवंबर को दूसरे मामले में भी जमानत हासिल कर ली। दोनों मामलों के जमानत बांड गुरुवार को दाखिल किए गए, लेकिन रिहाई का परवाना देर से जेल पहुंचा।

शुक्रवार सुबह छह नवंबर को रिहाई का आदेश हरिद्वार जिला जेल पहुंचा। जेल अधीक्षक मनोज आर्य ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि न्यायालय का आदेश मिलने के बाद उर्मिला को रिहा कर दिया गया।

हालांकि, जेल के मुख्य गेट पर पहले से देहरादून पुलिस की एसओजी टीम मौजूद थी। देहरादून पुलिस ने पहले ही न्यायालय में तलबी आदेश के लिए आवेदन किया था, जिसे मंजूरी मिल चुकी थी। जेल से बाहर आते ही टीम उर्मिला को देहरादून स्थित एसओजी कार्यालय ले गई।

करीब तीन घंटे की पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। फिलहाल हरिद्वार के दोनों मामलों में उर्मिला जमानत पर हैं, जबकि देहरादून से जुड़े मामले में कानूनी प्रक्रिया की स्थिति अलग है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.