After Header-1

केदारताल ट्रैक हादसा: एक और ट्रैकर का शव बरामद, सात तक पहुंचा मृतकों का आंकड़ा

 उत्तरकाशी। केदारताल ट्रैक पर लापता आठ ट्रैकर्स की तलाश में चलाए जा रहे रेस्क्यू अभियान के दौरान शुक्रवार को एक और ट्रैकर का शव बरामद किया गया। इसके साथ ही हादसे में जान गंवाने वाले ट्रैकर्स की संख्या सात हो गई है। अब इस हादसे में लापता एक ट्रैकर की तलाश की जा रही है। एनआईएम और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने दुर्गम ट्रैक क्षेत्र में सर्च अभियान चलाकर शव बरामद किया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान गुरुवार और शुक्रवार को बरामद किए गए तीनों शवों को हेलीकॉप्टर की मदद से मातली हेलीपेड पहुंचाया गया। यहां से शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। परिजनों ने तीनों शवों की पहचान भी कर ली है। अब शनिवार को लापता अंतिम ट्रैकर की तलाश के लिए अभियान चलाया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, केदारताल ट्रैक पर आठ ट्रैकर्स के लापता होने के बाद से ही खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार तक रेस्क्यू टीम चार ट्रैकर्स के शव बरामद कर चुकी थी। इनमें लखनऊ निवासी सगी बहनें दीपिका वर्मा और वर्तिका वर्मा सहित दो अन्य ट्रैकर्स शामिल थे।

इसके बाद गुरुवार को एनआईएम और एसडीआरएफ की टीम ने दुर्गम क्षेत्र में सर्च अभियान को आगे बढ़ाते हुए दो और लापता ट्रैकर्स के शव बरामद किए। शुक्रवार को एक और शव मिलने से मृतकों की संख्या सात हो गई।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाईं ने बताया कि गुरुवार को बरामद किए गए दो और शुक्रवार को मिले एक शव को हेलीकॉप्टर से मातली हेलीपेड पहुंचाया गया। इसके बाद तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाए गए हैं। उन्होंने बताया कि लापता एक अन्य ट्रैकर की तलाश के लिए शनिवार को भी रेस्क्यू अभियान जारी रहेगा।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.