After Header-1

पत्रकारों को दिवाली का तोहफा देंगे सीएम धामी, मान्यता और पेंशन पर की दो बड़ी घोषणाएं

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पत्रकारों के हित में दो महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए तहसील, जिला और प्रदेश स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाने तथा पत्रकार पेंशन की राशि में वृद्धि करने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित दीपावली महोत्सव में शिरकत करते हुए ये घोषणाएं कीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और प्रदेशभर के पत्रकारों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि प्रकाश पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ होने के साथ ही समाज का दर्पण भी है। पत्रकार अपने लेखन और समाचारों के माध्यम से समाज की वास्तविक तस्वीर सामने रखते हैं। उनकी खबरों और सुझावों से सरकार तथा प्रशासन को यह समझने में मदद मिलती है कि सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों का धरातल पर कितना प्रभाव पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पत्रकारों से मिलने वाला फीडबैक शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पत्रकारिता केवल समाचारों के प्रसारण का माध्यम नहीं, बल्कि जनसमस्याओं को सामने लाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने देवर्षि नारद की संवाद परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि संवाद समाज को जोड़ने और सही जानकारी पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम रहा है। आज पत्रकार भी अपनी जिम्मेदारियों का समर्पण, निष्पक्षता और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाने और पेंशन राशि में वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है।

कार्यक्रम में सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय सिंह राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.