After Header-1

खटीमा दौरे पर सीएम धामी ने सुनीं जनता की समस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जनपद दौरे के दौरान लोहियाहेड हेलीपैड पर आम जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने मुख्यमंत्री के समक्ष विभिन्न समस्याएं और शिकायतें रखीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाए और प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मूल मंत्र के साथ काम कर रही है। इसमें प्रशासन की जवाबदेही और संवेदनशीलता की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए अधिकारियों को शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनकी नियमित निगरानी भी करनी चाहिए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और स्थानीय जरूरतों को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने तथा क्षेत्र के विकास को गति देने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्यवाही की जाए, ताकि विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच सके।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, भवानी भंडारी, दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.