After Header-1

उत्तराखंड चुनाव से पहले कांग्रेस की दिल्ली में बड़ी बैठक, राहुल-खड़गे ने दिए अहम निर्देश

नई दिल्ली। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक हुई। बैठक में प्रदेश के राजनीतिक हालात, चुनावी रणनीति और संगठन को मजबूत बनाने को लेकर व्यापक मंथन किया गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे के आवास 10, राजाजी मार्ग पर आयोजित बैठक में कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत शामिल हुए। सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव भी बैठक में मौजूद रहे।

उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी के अनुसार, बैठक में प्रदेश के सामाजिक और राजनीतिक परिदृश्य के साथ जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। शीर्ष नेतृत्व ने आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और प्रदेशभर में पार्टी की पहुंच मजबूत करने को लेकर सुझाव और निर्देश दिए।

बैठक में संगठनात्मक समन्वय, सामूहिक नेतृत्व और सभी वरिष्ठ नेताओं के बीच बेहतर तालमेल के साथ चुनावी अभियान आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। कांग्रेस नेतृत्व ने प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए चुनावी रणनीति को प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया।

दसौनी ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनसरोकारों को आधार बनाकर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को आगे बढ़ाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.