After Header-1

राजस्थान में बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई सड़क निर्माण मशीन, आठ मजदूरों की दर्दनाक मौत

झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सोमवार को सड़क निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। उदयपुरवाटी क्षेत्र के छापोली गांव में हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को उदयपुरवाटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

पुलिस के अनुसार, हादसा छापोली-कदंब कुंड मार्ग पर सीकर-नीमकाथाना स्टेट हाईवे से करीब 150 मीटर दूर हुआ। यहां सड़क निर्माण के लिए रोड़ी-बजरी मिलाने वाली मशीन से काम किया जा रहा था। इसी दौरान मशीन का हाइड्रोलिक जैक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। मशीन में करंट दौड़ने से आसपास काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। बताया गया है कि हादसे के समय 12 से 13 लोग मशीन को धक्का देकर दूसरी जगह ले जाने का प्रयास कर रहे थे।

मृतकों की पहचान हालेड़ा मंडावरा निवासी हरिराम गुर्जर (30), मंगलचंद गुर्जर (22), कालूराम गुर्जर (29) और पवन गुर्जर (23) के रूप में हुई है। ये चारों एक ही परिवार के थे। इनके अलावा छापोली निवासी विष्णु सैनी (38), सुरेंद्र उर्फ सुरेश सैनी (30), मुकेश सैनी (27) और फतेहचंद सैनी (32) की भी मौत हो गई। हादसे में महेंद्र सैनी, गीता देवी, संतरा देवी, गिदाराम सैनी और मंजू देवी झुलस गए।

लापरवाही का आरोप, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली के पोल और तार पेड़ों के संपर्क में हैं। लाइन बंद कराने के लिए फोन करने पर जीएसएस में कर्मचारी मौजूद नहीं था। ग्रामीणों ने घटनास्थल पर कलेक्टर को बुलाने की मांग भी की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया।

सूचना मिलने पर कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग, एसपी कावेंद्र सिंह सागर, विधायक भगवानाराम सैनी और यूडीएच मंत्री झाबरसिंह खर्रा घटनास्थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार, प्रभावित परिवारों को सहायता और हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी घटना पर दुख जताते हुए हादसे की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.