After Header-1

रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली; वोट बचाने के लिए विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन

राहुल बोले- ज्ञानेश कुमार को हटाना होगा, जेल भी जाना पड़ेगा

खरगे ने मोदी सरकार पर चुनाव में गड़बड़ी का लगाया आरोप

एसआईआर रोकने और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग

रैली की तीन प्रमुख मांगें

1. मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ,का इस्तीफा या उन्हें पद से हटाना।

2. एसआईआर की प्रक्रिया पर तत्काल रोक

3. ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA गठबंधन ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली के जरिए केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। विपक्षी नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर तत्काल रोक लगाने और ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग उठाई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंच से सीधे मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र बचाने के लिए सबसे पहला कदम ज्ञानेश कुमार को पद से हटाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2024 का लोकसभा चुनाव अवैध था और मतदाता सूची से नाम काटकर वोट चोरी की गई। राहुल ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को पद से हटना होगा और उन्हें जेल भी जाना पड़ेगा।

रैली से पहले विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मिंटो रोड से रामलीला मैदान तक मार्च निकाला। इसमें कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती और तेजस्वी यादव समेत कई बड़े नेता शामिल हुए। खुले वाहन में सवार होकर पहुंचे नेताओं का मैदान में स्वागत किया गया।

*राहुल बोले- हर नागरिक के वोट और आवाज की चोरी*

राहुल गांधी ने कहा कि यह सामान्य चोरी नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक के वोट और उसकी आवाज की चोरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी से लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। राहुल ने कहा कि विपक्ष हिंसा और नफरत में विश्वास नहीं करता। उसका उद्देश्य देश में मोहब्बत और भाईचारे को बढ़ावा देना है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई होगी।

*खरगे ने मोदी-शाह पर साधा निशाना*

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दोनों नेता ज्ञानेश कुमार को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। खरगे ने महाराष्ट्र, बिहार और उत्तर प्रदेश में चुनावी गड़बड़ी के जरिए सरकारें बनाने का दावा किया और कार्यकर्ताओं से संघर्ष जारी रखने की अपील की।

*अखिलेश बोले- 2027 में भाजपा की विदाई तय*

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रामलीला मैदान को लोकतंत्र की हल्दीघाटी बताया। उन्होंने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश से भाजपा और उसके सहयोगियों की ऐसी विदाई होगी कि वे दोबारा सत्ता में नहीं लौट पाएंगे। तेजस्वी यादव ने कहा कि रामलीला मैदान में आज वोट चोरी के खिलाफ महाभारत हो रहा है। महबूबा मुफ्ती ने लोगों से संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिए एकजुट होने की अपील की।

 

*थरूर ने 13 करोड़ नाम हटाने का लगाया आरोप*

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने दावा किया कि मतदाता सूची से करीब 13 करोड़ लोगों के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर लोगों का भरोसा खत्म हो रहा है। रैली में कर्नाटक से आए कांग्रेस कार्यकर्ता मतदाता सूची की कई मीटर लंबी प्रतियां लेकर पहुंचे। उनका दावा था कि एसआईआर के दौरान इन नामों को सूची से हटा दिया गया। विपक्ष ने इसे मताधिकार पर हमला बताते हुए लोकतंत्र की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.