नई दिल्ली। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित INDIA गठबंधन के कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और नागरिकों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान आम लोगों को हो रही परेशानियों और उनके मताधिकार की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
इस दौरान चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और चुनाव आयोग की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रहना चाहिए और चुनावी प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिसमें किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम में इस बात पर भी जोर दिया गया कि चुनाव आयोग की जवाबदेही और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता लोकतंत्र में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए जरूरी है। SIR के दौरान सामने आ रही समस्याओं का समाधान करते हुए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
