After Header-1

देहरादून में यहां ही बिकेंगे दीपावली के पटाखे, बिना लाइसेंस पकड़े गए तो होगी कार्रवाई

 देहरादून। दीपावली पर पटाखों की बिक्री को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट किया कि पटाखे केवल निर्धारित स्थलों पर ही बेचे जा सकेंगे। बिना लाइसेंस बिक्री करने और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अस्थायी लाइसेंस जारी करने, अग्नि सुरक्षा के इंतजाम और बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर चर्चा हुई। डीएम ने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से लाइसेंस जारी करने और निर्धारित शर्तों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

देहरादून नगर निगम क्षेत्र में पटाखों की बिक्री के लिए रेजर ग्राउंड, हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज के निकट 26 पार्क रोड स्थित क्षेत्र और पुराना बस अड्डा चिह्नित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त नगर मजिस्ट्रेट, संबंधित उप जिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी अन्य उपयुक्त स्थलों का चयन कर नियमानुसार अनुमति दे सकेंगे।

प्रशासन के अनुसार, निर्धारित मानकों और सुरक्षा शर्तों को पूरा करने वाले व्यापारियों को ही पटाखे बेचने की अनुमति दी जाएगी।

पटाखों की बिक्री के लिए अस्थायी लाइसेंस जारी करने की जिम्मेदारी नगर मजिस्ट्रेट, अपर नगर मजिस्ट्रेट और उप जिलाधिकारियों को सौंपी गई है। आवेदन के साथ पुलिस और अग्निशमन विभाग की संस्तुति तथा निर्धारित शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा।

डीएम ने अग्निशमन विभाग को बिक्री स्थलों का निरीक्षण करने और जरूरी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दुकानदारों को अग्निशमन यंत्र रखना अनिवार्य होगा। वहीं, विद्युत विभाग को सुरक्षित वायरिंग और उचित विद्युत संयोजन सुनिश्चित करने के साथ शॉर्ट सर्किट की आशंका रोकने के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया है।

त्योहारी भीड़ को देखते हुए बाजारों और पटाखा बिक्री स्थलों के आसपास सड़क या सार्वजनिक मार्ग पर टेबल, ठेली अथवा अन्य सामान रखकर अतिक्रमण करने पर रोक रहेगी। पुलिस और प्रशासन उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।

डीएम ने पुलिस को स्लम क्षेत्रों के संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए, ताकि त्योहार के दौरान किसी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, एसडीएम रविन्द्र ज्वांठा और व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.