देवप्रयाग। उत्तराखंड के देवप्रयाग में गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026 की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही मारुति सुजुकी वैगनआर कार ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के पास अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर नीचे नदी किनारे जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए, जबकि चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, कार संख्या HR-68 C 1242 में चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी की टीम उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में और एसडीआरएफ श्रीनगर की टीम निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को निकाला
एसडीआरएफ टीमों के पहुंचने से पहले ही जिला पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को खाई से बाहर निकाल लिया था। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घायलों में उत्तम सिंह (33), टीशा रावत (18) और सुनीता देवी (45) शामिल हैं। तीनों रुद्रप्रयाग जिले के निवासी बताए गए हैं।
राफ्ट के सहारे नदी पार कराए गए शव
घटनास्थल पर पहुंचने के बाद एसडीआरएफ की टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे एक पुरुष और एक महिला के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान 72 वर्षीय सत्येश्वरी देवी, निवासी किमखाल, जिला चमोली, और कार चालक अनिल के रूप में हुई है।
घटनास्थल की दुर्गम भौगोलिक स्थिति और नदी मार्ग के कारण शवों को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण रहा। एसडीआरएफ के जवानों ने राफ्ट की सहायता से दोनों शवों को नदी पार कराकर देवप्रयाग पहुंचाया। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए शव जिला पुलिस को सौंप दिए गए।
एसडीआरएफ की ब्यासी और श्रीनगर टीमों ने आपसी समन्वय से रेस्क्यू अभियान पूरा किया। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आ सकेगी।
