हल्द्वानी ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ पर कांग्रेस का बड़ा ऐलान, देशभर में चलेगा अभियान

नई दिल्ली। उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद रामलीला मैदान में कथित ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस ने इसे दलित और आदिवासी समाज के सम्मान से जोड़ते हुए देशव्यापी अभियान चलाने का ऐलान किया है।

कांग्रेस के एससी-एसटी फोरम के नेतृत्व में बुधवार को नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब स्थित मावलंकर हॉल में ‘दलित-आदिवासी स्वाभिमान बैठक’ आयोजित की गई। तेलंगाना के नागरकुरनूल से कांग्रेस सांसद डॉ. मल्लू रवि के अनुसार, बैठक में देशभर से एक हजार से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इनमें सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक और कांग्रेस शासित राज्यों के मंत्री समेत पार्टी के कई नेता शामिल हुए।

डॉ. मल्लू रवि ने बताया कि बैठक में आगे के आंदोलन की रणनीति और कार्यक्रम तय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नवंबर के अंतिम सप्ताह में दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में एक बड़ा राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के शामिल होने की बात कही गई है।

कांग्रेस सांसद के मुताबिक, 7 सितंबर को लोकसभा और राज्यसभा के एससी-एसटी सांसदों की बैठक में हल्द्वानी में हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर चर्चा हुई थी। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि यह घटना केवल मल्लिकार्जुन खरगे तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे दलित और आदिवासी समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।

उन्होंने बताया कि इसके विरोध में 8 सितंबर को करीब 22 सांसद संसद मार्ग थाने पहुंचे थे और जीरो एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। उनका आरोप है कि पुलिस अधिकारियों ने तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं की। कांग्रेस नेताओं ने करीब साढ़े तीन घंटे थाने में धरना दिया। बाद में हल्द्वानी थाने में दर्ज एफआईआर की प्रति मंगाकर उन्हें दिखाई गई।

डॉ. मल्लू रवि ने आरोप लगाया कि मामले में दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। कांग्रेस की मांग है कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस ली जाए और कथित ‘शुद्धिकरण’ के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि राज्यसभा में भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष और सदन के नेता जेपी नड्डा ने मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया था। कांग्रेस अब इसी मुद्दे को लेकर देशव्यापी अभियान चलाने की तैयारी में है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.