इलावेनिल का सटीक निशाना, जापान में 0.6 अंक से चूका गोल्ड

नागोया (जापान), 20 सितंबर। भारतीय निशानेबाज इलावेनिल वलारिवन ने एशियन गेम्स-2026 में एक और पदक अपने नाम कर लिया। रविवार को महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में इलावेनिल ने 252.4 अंक हासिल कर रजत पदक जीता। स्वर्ण पदक के लिए उनका मुकाबला मेजबान जापान की हिनाता ताइची से हुआ, जिन्होंने 253 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया।

फाइनल में इलावेनिल ने शुरुआत से ही शानदार प्रदर्शन किया और लगातार सटीक निशाने लगाते हुए लंबे समय तक शीर्ष स्थान पर बनी रहीं। उनके प्रदर्शन से भारत के लिए स्वर्ण पदक की उम्मीद मजबूत हो गई थी। हालांकि, मुकाबला निर्णायक दौर में पहुंचने के साथ ही जापानी निशानेबाज हिनाता ताइची ने शानदार वापसी की और बढ़त हासिल कर ली।

ताइची ने 253 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीतने के साथ नया एशियन गेम्स रिकॉर्ड भी बनाया। इलावेनिल और हिनाता के बीच अंतर महज 0.6 अंक का रहा। दक्षिण कोरिया की ह्यो-जिन बान ने 230.4 अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

भारत की दूसरी निशानेबाज सोनम मस्कर भी फाइनल में पहुंची थीं। क्वालीफिकेशन में तीसरे स्थान पर रहने के कारण उनसे पदक की उम्मीद थी, लेकिन फाइनल में वह अपने प्रदर्शन को उसी स्तर तक नहीं ले जा सकीं। सोनम ने 167.0 अंक हासिल किए और छठे स्थान पर रहीं।

इलावेनिल के लिए यह एशियन गेम्स-2026 का दूसरा रजत पदक है। इससे पहले उन्होंने रविवार को ही महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भी रजत पदक जीता था। टीम स्पर्धा में उन्होंने सोनम मस्कर और विदर्सा विनोद के साथ मिलकर भारत को पदक दिलाया था।

इस तरह इलावेनिल ने एक ही दिन दो रजत पदक जीतकर भारतीय निशानेबाजी अभियान में अहम योगदान दिया। वहीं, 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा का रजत भारत का इन एशियन गेम्स में दूसरा पदक भी है। निशानेबाजी में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन से देश के पदक अभियान को मजबूती मिली है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.