पटना में जदयू का बड़ा जुटान, आज क्या होगा?

पटना, 18 सितंबर। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को पार्टी के विधायकों, विधान परिषद सदस्यों और सांसदों का एकदिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में होने वाले कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को सदन की कार्यप्रणाली और उनकी विधायी जिम्मेदारियों से संबंधित जानकारी दी जाएगी। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षण और प्रबोधन है।

जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद के मुताबिक, कार्यक्रम का उद्घाटन नीतीश कुमार करेंगे। इसमें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा और विधायक दल के नेता श्रवण कुमार समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम में विधायी मामलों के विशेषज्ञ भी जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षण देंगे। जानकारी के अनुसार पीआरएस लेजिसलेटिव रिसर्च से जुड़े विशेषज्ञ विधायकों और एमएलसी को सदन की प्रक्रियाओं, सवाल उठाने के तरीके और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से रखने के बारे में जानकारी देंगे। प्रश्नोत्तर के लिए अलग सत्र भी रखा गया है।

पार्टी का कहना है कि प्रशिक्षण का मकसद जदयू के जनप्रतिनिधियों की सदन में भूमिका को और प्रभावी बनाना है, ताकि वे बिहार के हित और जनकल्याण से जुड़े विषयों को तथ्यों के साथ मजबूती से उठा सकें।

विधायकों और एमएलसी को एक साथ पटना बुलाए जाने से राजनीतिक हलकों में कार्यक्रम को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी हुईं। पार्टी के नाम में बदलाव, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), आगामी एमएलसी चुनाव और संगठन में संभावित बदलाव को लेकर अलग-अलग अटकलें सामने आई थीं। हालांकि, जदयू ने इन चर्चाओं को खारिज करते हुए कार्यक्रम को विधायी प्रशिक्षण से जुड़ा बताया है।

पार्टी की ओर से कहा गया है कि 18 सितंबर के इस कार्यक्रम में किसी बड़े राजनीतिक या संगठनात्मक फैसले की योजना नहीं है। इसका मुख्य फोकस जनप्रतिनिधियों को सदन की कार्यप्रणाली से परिचित कराना और उनकी विधायी भूमिका को प्रभावी बनाना है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.