श्रीनगर में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत, दिनभर इन कार्यक्रमों में जुटेंगे धन सिंह रावत

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत गुरुवार को श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के एकदिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ करने के साथ सेवा, सामाजिक सरोकार, युवा सहभागिता और धार्मिक आयोजनों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डॉ. रावत देहरादून से श्रीनगर पहुंचकर सबसे पहले सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ करेंगे। इसके तहत भाजपा श्रीनगर मंडल की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, श्रीनगर में संत निरंकारी मिशन की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में भी प्रतिभाग करेंगे।

इसके पश्चात डॉ. रावत सीडीएस जनरल बिपिन रावत स्टेडियम, श्रीकोट में चल रही खेल महाकुंभ विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी में खिलाड़ियों के बीच पहुंचेंगे। यहां वह खेल प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करेंगे। अभियान के तहत अपर बाजार श्रीनगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में भी उनकी भागीदारी रहेगी।

दौरे के दौरान धार्मिक आयोजनों को भी कार्यक्रम में शामिल किया गया है। डॉ. रावत श्रीनगर में आयोजित भजन-कीर्तन कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। इसके अलावा नंदा देवी मंदिर में मां नंदा देवी अष्टमी नवरात्र पूजन और नागेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

डॉ. रावत ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान में युवाओं और आम लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। उनके अनुसार अभियान को व्यापक जनसहभागिता से आगे बढ़ाया जाएगा। विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनहित और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों तथा उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

एक ही दिन में रक्तदान, खेल, आंगनबाड़ी और धार्मिक आयोजनों में भागीदारी के जरिए श्रीनगर क्षेत्र में अभियान की विभिन्न गतिविधियों को जोड़ा जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.